Thursday, August 27, 2026
HomePatialaपहले चरण की गतिविधियां समय पर पूरी करने के लिए चार्ज अधिकारियों...

पहले चरण की गतिविधियां समय पर पूरी करने के लिए चार्ज अधिकारियों व फील्ड स्टाफ की सराहना

पटियाला, 20 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): पंजाब के डायरेक्टर सेंसस ऑपरेशंस-कम-चीफ प्रिंसिपल सेंसस ऑफिसर डॉ. नवजोत खोसा की अध्यक्षता में आज जिला पटियाला में जनगणना-2027 के फेज-II (जनसंख्या गणना) की तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में डिप्टी कमिश्नर पटियाला डॉ. हिमांशु अग्रवाल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर दमनजीत सिंह मान, नगर निगम पटियाला के संयुक्त कमिश्नर मनरीत राणा सहित सभी एस.डी.एम., संबंधित अधिकारी, चार्ज अधिकारी तथा जनगणना से संबंधित स्टाफ उपस्थित था।


बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. नवजोत खोसा ने जिले में जनगणना के पहले चरण की गतिविधियों को सफलतापूर्वक एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए चार्ज अधिकारियों तथा फील्ड स्टाफ की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 के शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए अग्रिम योजना तथा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।

डायरेक्टर सेंसस ऑपरेशंस ने जिले के प्राथमिकता वाले चार्जों तथा नगर निगम पटियाला में हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस (एच.एल.ओ.) के तहत किए गए कार्यों की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने जिला प्रशासन तथा जनगणना से जुड़े स्टाफ द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि पटियाला जिला जनगणना-2027 के फेज-II से संबंधित सभी कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा करेगा।

चीफ प्रिंसिपल सेंसस ऑफिसर डॉ. नवजोत खोसा ने प्रिंसिपल सेंसस अधिकारियों एवं सेंसस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसंख्या गणना के सुचारू एवं प्रभावी संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पहले ही पूरे कर लिए जाएं तथा संबंधित स्टाफ को इस कार्य के लिए पूरी तरह तैयार रखा जाए। उन्होंने कहा कि जनसंख्या गणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसके लिए हर स्तर पर स्पष्ट योजना, बेहतर समन्वय तथा निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

डिप्टी कमिश्नर-कम-प्रिंसिपल सेंसस ऑफिसर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने विश्वास दिलाया कि जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर जनगणना से संबंधित सभी कार्य पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम पटियाला के साथ निकट समन्वय से जनगणना-2027 के फेज-II को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा भारत के रजिस्ट्रार जनरल एवं सेंसस कमिश्नर के कार्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार जनगणना का कार्य कुशलतापूर्वक पूरा किया जाएगा, ताकि सही एवं विश्वसनीय आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक के दौरान जनगणना-2027 के फेज-II के तहत जनसंख्या गणना को समयबद्ध एवं सुचारू ढंग से पूरा करने के लिए विस्तृत रोडमैप पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के लिए कहा गया। इस मौके पर पहले चरण में बेहतरीन कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।

बैठक के दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास)-कम-जिला जनगणना अधिकारी दमनजीत सिंह मान, नगर निगम की अतिरिक्त कमिश्नर सोनम एवं संयुक्त कमिश्नर मनरीत राणा, सेंसस सलाहकार करमजीत सिंह, समूह एस.डी.एम., प्रिंसिपल चार्ज अधिकारी, उप अर्थ एवं सांख्यिकी सलाहकार जसविंदर कौर, चार्ज सेंसस अधिकारी, कार्यकारी अधिकारी एवं तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments