कैबिनेट मंत्री ने लहरागागा में हलका लहरा के सरपंचों और पंचायत विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक
लहरागागा, 21 अगस्त:2026 पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज लहरागागा में हलका लहरा के सभी गांवों के सरपंचों और पंचायत विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने गांवों में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों से जुड़े विकास प्रोजेक्टों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि इनका लाभ आम जनता तक समय पर पहुंच सके।

बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री ने सरपंचों से उनके गांवों की विकास संबंधी जरूरतों, चल रहे कार्यों और सामने आ रही समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गांवों का सर्वांगीण विकास पंजाब सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। गांवों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि सड़कों, गलियों-नालियों, पेयजल, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, सफाई, तालाबों की देखभाल और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय में पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पंचायतें गांवों के विकास की बुनियादी इकाइयां हैं। इसलिए सरपंचों की ओर से रखी गई मांगों और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की योजना बनाई जानी चाहिए। उन्होंने सरपंचों से भी अपील की कि वे अपने-अपने गांवों में चल रहे विकास कार्यों की निगरानी करें और लोगों की समस्याओं को प्रशासन के ध्यान में लाकर उनका जल्द समाधान सुनिश्चित करवाएं।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को पंचायतों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर तुरंत कार्रवाई करने तथा विभिन्न विभागों के साथ तालमेल बनाकर विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य गांवों के लोगों को शहरों के बराबर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना और हलका लहरा के प्रत्येक गांव का योजनाबद्ध एवं टिकाऊ विकास सुनिश्चित करना है।
बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी लगन से काम कर रही है। विकास कार्यों के लिए उपलब्ध फंड का उचित इस्तेमाल करते हुए प्रत्येक गांव तक विकास का लाभ पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।






