Wednesday, August 26, 2026
HomePatialaपटियाला में 55 लाख रुपये की लागत से फिर तैयार होगी हेरिटेज...

पटियाला में 55 लाख रुपये की लागत से फिर तैयार होगी हेरिटेज स्ट्रीट, सीमेंटेड सड़क का काम शुरू

पटियाला, 21 अगस्त:2026  लंबे समय से शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हेरिटेज स्ट्रीट को अब 55 लाख रुपये की लागत से दोबारा तैयार किया जाएगा। स्थानीय लोगों की मांग के बाद पटियाला के विधायक अजीतपाल सिंह कोहली और मेयर कुंदन गोगिया ने आज हेरिटेज स्ट्रीट पर सीमेंटेड सड़क बनाने का काम शुरू करवाया। इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर पूजा ग्रेवाल भी मौजूद रहीं।

हेरिटेज स्ट्रीट की खराब हालत को लेकर शहरवासियों में लंबे समय से नाराजगी थी। सड़क पर लगाई गई टाइलों के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब इन टाइलों को हटाकर मजबूत और साफ-सुथरी सीमेंटेड सड़क तैयार की जाएगी।

विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने कहा कि सड़क को करीब 55 लाख रुपये की लागत से पूरी तरह सीमेंटेड बनाया जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान हेरिटेज स्ट्रीट के नाम पर लगाई गई रोड़ेनुमा टाइलों से लोग काफी परेशान थे। उन्होंने कहा कि लोगों से वादा किया गया था कि इन टाइलों को हटाकर बेहतर सड़क बनाई जाएगी और आज इस वादे को पूरा करने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है।

विधायक ने पिछली कांग्रेस सरकार पर हेरिटेज स्ट्रीट के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग और घोटाले के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से शहरवासियों को इस सड़क की खराब स्थिति के कारण परेशानी झेलनी पड़ी।

मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि शहरवासियों के लिए करवाए जा रहे विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों और नगर निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में कोई कमी नहीं होनी चाहिए।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments