कुरुक्षेत्र, 22 अगस्त, 2026 (संजीव शर्मा) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नितिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के निर्देशानुसार राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सेक्टर-2, कुरुक्षेत्र में बच्चों को पॉक्सो अधिनियम के संबंध में जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सीजेएम नितिका भारद्वाज ने विद्यार्थियों को यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण एक्ट (पॉक्सो एक्ट) के प्रमुख प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा, सतर्कता तथा किसी भी अनुचित घटना की स्थिति में बिना भय के इसकी सूचना देने के महत्व के बारे में समझाया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नालसा की नि:शुल्क विधिक सेवा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी जानकारी दी गई, जिसके माध्यम से नि:शुल्क कानूनी सहायता एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय के शिक्षकों को भी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बच्चों एवं अन्य पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न नि:शुल्क विधिक सेवाओं एवं सुविधाओं के बारे में अवगत करवाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सुरक्षित वातावरण के प्रति संवेदनशील बनाना तथा आवश्यकता पड़ने पर सहायता एवं संरक्षण प्राप्त करने के उपलब्ध माध्यमों की जानकारी देना रही।






