सुनाम, 25 अगस्त,2026 (प्रभजोत सिंह): पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने आज सुनाम ऊधम सिंह वाला की नई अनाज मंडी में मंडी के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए कुल 4.31 करोड़ रुपये की लागत वाली दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का नींव पत्थर रखकर निर्माण कार्यों की शुरुआत करवाई।
इस अवसर पर 3.10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मार्केट कमेटी के नए कार्यालय भवन और 1.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आढ़ती-मजदूर बैठक हॉल/आराम घर के निर्माण कार्य की शुरुआत करवाई गई।
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा मंडियों के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने तथा किसानों, आढ़तियों और मजदूरों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुनाम की नई अनाज मंडी में शुरू की गई दोनों परियोजनाएं मंडी से जुड़े विभिन्न वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई हैं।
उन्होंने कहा कि नए मार्केट कमेटी कार्यालय के निर्माण से मंडी प्रबंधन से संबंधित कामकाज के लिए अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध होगी। इसी तरह, आढ़तियों और मजदूरों के लिए बनने वाला बैठक हॉल और आराम घर उन्हें मंडी में कामकाज के दौरान आवश्यक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार किसानों की सुविधा और मंडी व्यवस्था को और सुचारू बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मंडियों में सड़कों, पानी, सफाई, बिजली, शेड और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अमन अरोड़ा ने कहा कि सुनाम विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए विकास कार्यों की गति को और तेज किया जा रहा है तथा लोगों की जरूरतों के अनुसार नए प्रोजेक्ट लाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई अनाज मंडी के विकास से क्षेत्र के किसानों, आढ़तियों, मजदूरों और मंडी से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े अन्य लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों को सरकारी सेवाएं और बुनियादी सुविधाएं उनके नजदीक तथा बेहतर तरीके से उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सुनाम विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए आवश्यक फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और चल रही परियोजनाओं को समय पर पूरा करवाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इससे पहले मार्केट कमेटी के चेयरमैन मुकेश जनेजा ने सभी आढ़ती भाइयों, किसानों, मनीम समूह, मजदूरों तथा उपस्थित पंचों, सरपंचों, एमसी और क्षेत्रवासियों का स्वागत किया। उन्होंने कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों के प्रयासों के लिए उनका धन्यवाद किया।
इस अवसर पर विभिन्न पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।






