29 अगस्त को भागवत की सभा, न्यूयॉर्क मेयर ने समर्थन से किया इनकार
नई दिल्ली, 27 अगस्त, 2026 (राजेश कुमार दास) : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका दौरे को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले उनके कार्यक्रम के विरोध में अमेरिकी सरकार के समक्ष आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद अब न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने भी इस कार्यक्रम का समर्थन करने से इनकार कर दिया है।
RSS के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मोहन भागवत के करीब 5,000 लोगों को संबोधित करने की उम्मीद है। कार्यक्रम को ‘Universal Oneness Celebration’ नाम दिया गया है।
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने भागवत के कार्यक्रम को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वह इस सभा का समर्थन नहीं करते। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि शहर के पास इस कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार है या नहीं।
ममदानी ने कहा कि वह न्यूयॉर्क के पहले भारतीय-अमेरिकी मेयर हैं और उनका परिवार आज भी भारत में रहता है। उन्होंने कहा कि वह ऐसे भारत को जानते हैं जो बहुलवादी और लोकतांत्रिक है तथा जहां सभी लोगों को समान अधिकार प्राप्त हैं।
उन्होंने भागवत के कार्यक्रम के विरोध का कारण बताते हुए कहा कि किसी भी देश में बहिष्कार की सोच पर आधारित गतिविधियों का बढ़ना चिंता का विषय है। वह इसका कड़ा विरोध करते हैं, न केवल भारतीय-अमेरिकी के तौर पर बल्कि न्यूयॉर्क शहर के मेयर के रूप में भी। उनके अनुसार, न्यूयॉर्क धर्म, नस्ल और विचारधारा से ऊपर उठकर सभी लोगों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता है।
ममदानी प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक मीरा नायर और शिक्षाविद महमूद ममदानी के बेटे हैं।
कई संगठनों ने भी जताया विरोध
भागवत के कार्यक्रम का विरोध करने वाले संगठनों में Hindus for Human Rights, Indian American Muslim Council और Interfaith Centre of New York शामिल हैं। विभिन्न संगठनों ने न्यूयॉर्क सिटी हॉल के बाहर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम रद्द करने की मांग की।
इससे पहले कनाडा में भी भागवत के दौरे को लेकर विरोध सामने आया था। वहां मानवाधिकार संगठनों और कुछ सांसदों ने RSS को लेकर आपत्ति जताई थी तथा संगठन पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी उठी थी।
वहीं, कार्यक्रम के आयोजक American Hindus for Dialogue का कहना है कि ‘Universal Oneness Celebration’ का उद्देश्य पूरी दुनिया को एक परिवार मानने के सार्वभौमिक संदेश को आगे बढ़ाना है। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम कृत्रिम विभाजन और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवीय संबंधों, आपसी सम्मान, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करने के लिए आयोजित किया जा रहा है।






