कुरुक्षेत्र 27 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): नगराधीश आशीष कुमार ने कहा कि रक्षाबंधन के पर्व भाई-बहन के प्यार और विश्वास का पर्व है। यह पर्व भाई-बहन को एक दूसरे के स्नेह को दर्शाता है। इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती है और बदले में भाई जीवन भर उनकी रक्षा का वचन देने के साथ-साथ उसे उपहार भी भेंट करते है।

नगराधीश वीरवार को एचएसवीपी कार्यालय में कलारागिनी ट्रस्ट के सदस्यों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले कलारागिनी ट्रस्ट की छोटी-छोटी बच्चियों ने नगराधीश आशीष कुमार को रक्षाबंधन के पवित्र पर्व के उपलक्ष्य में राखियां बांधी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। सीटीएम आशीष कुमार ने कहा कि रक्षाबंधन पर्व रक्षा के तात्पर्य से बांधने वाला एक ऐसा सूत्र है, जिसमें बहनें अपने भाईयों के माथे पर तिलक लगाकर जीवन के हर संघर्ष तथा मोर्चे पर उनके सफल होने तथा निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहने की ईश्वर से प्रार्थना करती हैं तथा उनके सुखद जीवन के लिए मंगलकामना करती है।
उन्होंने कहा कि भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन स्नेह, सौहार्द एवं सद्भावना का एक ऐसा पर्व है, जो हमें अटूट एकता के सूत्र में बांध देता है। कलारागिनी जैसे ट्रस्ट समाज की भलाई के लिए निरंतर कार्य कर रहे है। इस प्रकार के ट्रस्ट से समाज के अन्य लोगों को भी मानवता की सेवा करने की प्रेरणा मिलती है। ट्रस्ट की छोटी बच्चियों द्वारा उन्हें रक्षाबंधन के अवसर पर राखियां बांधकर आपसी सौहार्द और समाज में एकजुट होकर रहने का संदेश देने का काम किया है।






