कुरुक्षेत्र 27 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के निर्देशानुसार डीएलएसए द्वारा एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र में हेल्प डेस्क स्थापित किया गया। इस अवसर पर डीएलएसए की पीएलवी दीक्षा ने अस्पताल में आने वाले लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कानूनी सेवाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि हेल्प डेस्क के माध्यम से लोगों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था पेंशन प्रमाण पत्र तथा पोषण कार्ड से संबंधित आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया। अस्पताल में आने वाले लोगों को जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण कुरुक्षेत्र द्वारा प्रदान की जा रही नि:शुल्क कानूनी सहायता एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को डीएलएसए की कानूनी सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।






