संगरूर, 28 अगस्त,2026 (विशाल गुप्ता): उपायुक्त-कम-जिला चुनाव अधिकारी, संगरूर श्रीमती पूनमदीप कौर के आदेशों का पालन करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त (ज)-कम-अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी श्री अंकुर महिंदरू, पीसीएस की अध्यक्षता में जिले की सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026 के तहत जिले में चिन्हित ASDD (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक और दोहरी प्रविष्टियों वाले मतदाताओं) की सूचियां राजनीतिक पार्टियों को सौंपी गईं।
अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 13 अगस्त 2026 से नोटिस चरण का दूसरा दौर शुरू हो चुका है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा नया वोट बनवाने के लिए फॉर्म नंबर-6, वोट कटवाने के लिए फॉर्म नंबर-7 तथा विवरण में संशोधन या निवास स्थान बदलने के लिए फॉर्म नंबर-8 भर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि दावे और आपत्तियां 12 सितंबर 2026 तक प्राप्त किए जाएंगे। इनका निपटारा 8 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि 12 अक्टूबर 2026 को अंतिम फोटो मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
उन्होंने राजनीतिक पार्टियों से अपील की कि वे मतदाता सूची के सुधार की प्रक्रिया में प्रशासन का सहयोग करें। जिन पार्टियों ने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त नहीं किए हैं, वे बीएलए-1 के माध्यम से बीएलए-2 की नियुक्ति कर संबंधित फॉर्म चुनावी पंजीयन अधिकारी के कार्यालय में जमा करवाएं। किसी भी जानकारी, सुझाव या शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में इंडियन नेशनल कांग्रेस से रॉकी बांसल और सुरिंदर सिंह भिंडर (बीएलए-1), भाजपा से सुरिंदर शर्मा, सीपीआई (एम) से चमकौर सिंह खेड़ी, आम आदमी पार्टी से चरणजीत सिंह चन्नी तथा चुनाव तहसीलदार श्रीमती परमजीत कौर भी उपस्थित रहे।






