चंडीगढ़, 28 अगस्त,2026 (जतिंदर गर्ग): पंजाब में सरकारी कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया कि पंजाब सरकार अपने कर्मचारियों को देश में सबसे अधिक वेतन दे रही है। उन्होंने कहा कि जहां किसी कर्मचारी को 36 हजार रुपये वेतन मिलता है, वहीं पंजाब में उसे 50 हजार रुपये तक दिए जा रहे हैं।
कर्मचारी संगठनों ने दूसरी ओर 18% लंबित डीए जारी करने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को लेकर हड़ताल की। इस प्रदर्शन में 150 से अधिक कर्मचारी संगठनों और तीन लाख से ज्यादा कर्मचारियों के शामिल होने का दावा किया गया।
इसी बीच जालंधर में मुख्यमंत्री ने पंजाब पुलिस में भर्ती हुए 1,746 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। मान के मुताबिक, पिछले साढ़े चार वर्षों में पुलिस बल में 13,092 जवान शामिल किए गए हैं, जबकि 3,298 कांस्टेबलों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि अब तक 70,840 युवाओं को बिना रिश्वत और सिफारिश के मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरी दी गई है।






