हैदराबाद, 28 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): तेलुगु सिनेमा के वरिष्ठ अभिनेता और निर्माता जी.वी. नारायण राव का 73 वर्ष की उम्र में हार्ट अटैक के बाद निधन हो गया। उनके निधन की पुष्टि अभिनेत्री कराटे कल्याणी ने की। उनका अंतिम संस्कार 28 अगस्त को हैदराबाद के वैकुंठ महाप्रस्थानम श्मशान घाट में किया जाएगा। नारायण राव ने वर्ष 1976 में निर्देशक के. बालचंदर की फिल्म ‘अंतुलेनी कथा’ से अभिनय की शुरुआत की थी। करीब पांच दशक के करियर में उन्होंने लगभग 100 फिल्मों और कई टी.वी. धारावाहिकों में काम किया।
अभिनय के अलावा उन्होंने निर्माता के तौर पर भी पहचान बनाई। उन्होंने चिरंजीवी की ‘देवान्थकुडु’ और ‘यमुदिकी मोगुडु’ जैसी फिल्मों का निर्माण किया था। नारायण राव के निधन से दुखी मेगास्टार चिरंजीवी ने सोशल मीडिया पर उन्हें अपना करीबी दोस्त बताते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दोनों के साथ बिताए समय और पुरानी यादों को याद करते हुए शोक व्यक्त किया।






