हरियाणा, 29 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में एस. आई. आर. अभियान की तारीखों में एक बार फिर बदलाव किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे और आपत्तियां 31 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक दाखिल की जा सकेंगी। इसके साथ ही दावों और आपत्तियों का निपटारा 31 जुलाई से 28 अक्टूबर तक करना होगा। संशोधित कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 6 नवंबर को होगा।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि प्रदेश के मतदाताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन आयोग ने तारीखों में बदलाव किया है। इससे उन योग्य नागरिकों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश निर्धारित समय में मतदाता सूची से संबंधित दावा या आपत्ति दर्ज नहीं करवा सके हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक योग्य भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करने और सूची में दर्ज मतदाताओं के विवरण को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से आयोग कार्य कर रहा है। यदि किसी योग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो फॉर्म-6 के माध्यम से नाम शामिल करवाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों और घोषणा-पत्र के साथ दावा प्रस्तुत किया जा सकता है।
अब तक कुल 87,262 फॉर्म नंबर-6, 6,167 फॉर्म नंबर-7 और 79,246 फॉर्म नंबर-8 प्राप्त हुए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार अब तक 41,59,707 नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि 21,98,288 आपत्तियों का निपटारा किया जा चुका है।
सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें। किसी प्रकार की गलती होने पर निर्धारित अवधि के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं।
किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए नागरिक अपने BLO/ERO/AERO कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ECINET ऐप पर ‘Book a Call’ सुविधा या वोटर हेल्पलाइन 1950 के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।






