नई दिल्ली, 29 अगस्त,2026 (हर्षलीन सिंह): गूगल एंड्रॉयड यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए ऐप्स को लेकर कई अहम बदलाव करने की तैयारी में है। कंपनी गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध ऐप्स के रैम इस्तेमाल और परफॉर्मेंस को लेकर नए नियम लागू करने जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गूगल ने इन बदलावों की जानकारी एंड्रॉयड डेवलपर्स ब्लॉग के जरिए डेवलपर्स के साथ साझा की है। नए नियमों का मुख्य उद्देश्य ऐप्स को कम मेमोरी इस्तेमाल करने और बेहतर स्पीड के साथ चलाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
ऐप्स के रैम इस्तेमाल पर नजर
Google चाहता है कि Android ऐप्स डिवाइस की मेमोरी का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल न करें। इससे फोन की परफॉर्मेंस बेहतर रहने के साथ-साथ मल्टीटास्किंग के दौरान भी यूजर्स को बेहतर अनुभव मिल सकता है।
नया फोन लेने पर लॉगिन की झंझट होगी कम
इसके अलावा एंड्रॉयड डिवाइस बदलने वाले यूजर्स के लिए भी राहत की खबर है। नए फोन में ऐप्स ट्रांसफर करते समय बार-बार लॉगिन करने की परेशानी को कम करने की दिशा में भी बदलाव किए जा रहे हैं।
गूगल के मुताबिक, इन पहल का मकसद एंड्रॉयड इकोसिस्टम में ऐसे ऐप्स को बढ़ावा देना है जो तेज, कम संसाधन इस्तेमाल करने वाले और यूजर फ्रेंडली हों।






