नई दिल्ली, 30 अगस्त,2026 (राजेश कुमार): मध्य प्रदेश के सतना और चित्रकूट में लगातार बारिश के कारण हालात गंभीर हो गए हैं। कई नदियां और नाले उफान पर हैं, जबकि मंदाकिनी नदी का जलस्तर करीब 30 फीट तक पहुंच गया है। गोरगी बांध टूटने से आसपास के कई इलाकों में पानी भर गया है।
चित्रकूट में बाढ़ के तेज बहाव की चपेट में रामघाट का करीब 300 मीटर लंबा पुल भी बह गया। घाट के आसपास स्थित कई दुकानें पानी में डूब गईं। वहीं नागौद, बिरसिंहपुर, मझगवां और सतना के कई क्षेत्रों में भी जलभराव से जनजीवन प्रभावित है।
बिरसिंहपुर के कई मोहल्लों में पानी कमर तक पहुंच गया है। कई घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान खराब हो गया, जबकि अनेक वाहन भी जलमग्न हो गए हैं।
बाढ़ के कारण सती अनुसुइया आश्रम सहित कई धार्मिक स्थलों तक जाने वाले रास्ते बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों और श्रद्धालुओं से घाटों तथा निचले इलाकों में न जाने की अपील की है।
स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। छतों पर फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। भारी जलभराव के कारण मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग पर भी यातायात प्रभावित होने की सूचना है।






