Monday, August 31, 2026
HomePunjab2 करोड़ 60 लाख की लागत से ढंडोली कलां-रोगला सड़क का निर्माण...

2 करोड़ 60 लाख की लागत से ढंडोली कलां-रोगला सड़क का निर्माण कार्य जारी

दिड़बा, 31 अगस्त,2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को खेलों और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने तथा महिलाओं को हुनरमंद बनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इन विचारों का प्रकटावा कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने गांव ढंडोली कलां में विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत और जायजा लेने के दौरान किया। कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को और मजबूत करने के लिए गांव में ₹5 करोड़ की लागत से 66 केवी ग्रिड सब-स्टेशन स्थापित करने तथा गांववासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए ₹1 करोड़ 14 लाख की लागत से नई पानी की टंकी बनाने के कार्य की शुरुआत करवाई।

इस अवसर पर श्री चीमा ने बताया कि ढंडोली कलां से रोगला तक 4 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण पर ₹2 करोड़ 60 लाख खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क का काम तेजी से पूरा करवाने के निर्देश दिए गए हैं और अगले 10 से 15 दिनों के भीतर कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा गांव में ₹1 करोड़ 44 लाख की लागत से स्टेडियम का काम भी जारी है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गांवों के युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए ढंडोली कलां में पंचायत द्वारा उपलब्ध करवाई गई जमीन पर बहुउद्देश्यीय खेल स्टेडियम विकसित किया जा रहा है। इस स्टेडियम में फुटबॉल, हॉकी, क्रिकेट, कबड्डी और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों के लिए सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मिट्टी की भरत सहित बाकी बचे कार्यों के लिए आवश्यक फंड उपलब्ध करवाकर स्टेडियम का काम पूरा करवाया जाएगा।

इसके साथ ही ₹20 लाख की लागत से गांव के तालाब का कायाकल्प भी किया जा रहा है।

इस दौरान श्री हरपाल सिंह चीमा ने गांव में चल रहे सिलाई एवं कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र का दौरा कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही लड़कियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि फैशन डिजाइनिंग, सिलाई और कढ़ाई के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की बड़ी संभावनाएं हैं। ग्रामीण बेटियां अपने हुनर को कारोबार से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकती हैं।

उन्होंने कहा कि विदेशों में बसे पंजाबियों के बीच पंजाब के पारंपरिक परिधानों, फुलकारी और हाथ से तैयार की गई वस्तुओं की अच्छी मांग है। डिजिटल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके गांवों की महिलाएं और लड़कियां अपने उत्पादों को देश-विदेश के ग्राहकों तक पहुंचा सकती हैं।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि दिड़बा विधानसभा क्षेत्र में 400 से अधिक स्वयं सहायता समूह सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। इन समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा फुलकारी, सूट, अचार और अन्य घरेलू उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘दिड़बा की फुलकारी’ अपनी अनूठी कला के कारण पहचान बना रही है और सरकार द्वारा इन उत्पादों की ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग को और प्रोत्साहित किया जाएगा।

श्री चीमा ने बताया कि दिड़बा में आंगनवाड़ी वर्करों, आशा वर्करों और हेल्परों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा योग्य उम्मीदवारों को पारदर्शी ढंग से रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण सेवाओं को और मजबूत किया जा रहा है।

पत्रकारों द्वारा राजनीतिक गठजोड़ों संबंधी पूछे गए सवाल के जवाब में श्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब के लोग पिछली सरकारों के प्रदर्शन से भली-भांति परिचित हैं और अब राज्य के लोग विकास, रोजगार, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता दे रहे हैं।

किसानी मांगों संबंधी एक सवाल का जवाब देते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसानों की कई प्रमुख मांगें केंद्र सरकार से संबंधित हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को किसानों के साथ बातचीत का रास्ता फिर से खोलते हुए उनकी मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए और संवाद के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए।

श्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार दिड़बा विधानसभा क्षेत्र सहित राज्य के प्रत्येक गांव में बुनियादी ढांचे, खेलों, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के अवसरों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा विकास कार्यों के लिए फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

इस अवसर पर ओएसडी तपिंदर सिंह सोही, मार्केट कमेटी दिड़बा की चेयरपर्सन जसवीर कौर शेरगिल, मार्केट कमेटी सूलर घराट के चेयरमैन हरविंदर सिंह छाजली सहित विभिन्न पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, पंच-सरपंच तथा बड़ी संख्या में गांव और क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments