Wednesday, September 2, 2026
HomePunjab6 सितंबर को संगरूर जिले के सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष...

6 सितंबर को संगरूर जिले के सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैंप

संगरूर, 2 सितंबर, 2026 (अमनदीप सभरवाल): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के तहत 6 सितंबर 2026 को संगरूर जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे।

इन कैंपों के दौरान बूथ लेवल अधिकारी  अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे और मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, किसी मतदाता के विवरण में सुधार की आवश्यकता है या किसी अन्य प्रकार के बदलाव अथवा आपत्ति के संबंध में कार्रवाई जरूरी है, तो वह विशेष कैंप के दौरान संबंधित बी.एल.ओ. से संपर्क कर सकता है। बी.एल.ओ. मतदाताओं को विभिन्न फॉर्म, प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी देंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी पूनमदीप कौर ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 6 सितंबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जरूर जांचें। जरूरत पड़ने पर बी.एल.ओ.के समक्ष दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने और मतदाता सूचियों को सही एवं अपडेट रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। विशेष कैंपों का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना और सूचियों को त्रुटिरहित बनाना है।

उन्होंने बी.एल.ओ. को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित स्थान पर मौजूद रहकर मतदाताओं से प्राप्त दावों और आपत्तियों को नियमों के अनुसार दर्ज करें तथा आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध करवाएं। कैंपों में आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने युवाओं, पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों और अन्य पात्र लोगों से विशेष अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाएं और 6 सितंबर को आयोजित विशेष कैंपों में अधिक से अधिक भाग लें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments