नई दिल्ली, 3 सितंबर 2026 (प्रभजोत सिंह): 2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच हवाई झड़प के बाद सुर्खियों में आए पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्ति ले ली है। अब वह गोवा स्थित क्षेत्रीय एयरलाइन एफ.एल.वाई.91 के साथ कमर्शियल पायलट के तौर पर जुड़ गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, अभिनंदन ने अगस्त 2026 में एफ.एल.वाई.91 में पायलट के रूप में ज्वाइन किया था। हालांकि, वायुसेना से सेवानिवृत्ति लेने के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
2019 में बने थे देशभर में चर्चा का केंद्र
अभिनंदन वर्धमान फरवरी 2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुई हवाई झड़प के दौरान चर्चा में आए थे। उस दौरान उन्होंने एक पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा किया था। इसके बाद उनका विमान पाकिस्तान अधिकृत क्षेत्र में गिर गया और उन्हें करीब तीन दिन हिरासत में रखा गया। बाद में उन्हें भारत वापस भेज दिया गया।
उनकी बहादुरी और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए उन्हें वर्ष 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
मार्च 2024 में शुरू हुई थी एफ.एल.वाई.91(FLY91) की उड़ान
गोवा स्थित एफ.एल.वाई.91 ने मार्च 2024 में अपनी उड़ान सेवाएं शुरू की थीं। एयरलाइन के बेड़े में फिलहाल ए.टी.आर.72-600 विमान शामिल हैं और गोवा तथा हैदराबाद इसके प्रमुख संचालन केंद्र हैं।
FLY91एफ.एल.वाई.91 के प्रवक्ता ने अभिनंदन की नियुक्ति पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि कंपनी कर्मचारियों से संबंधित निजी जानकारी साझा नहीं करती।






