लखनऊ, 3 सितंबर 2026 (गुरप्रीत सिंह): वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान को कार्गो हिस्से में स्मोक डिटेक्शन अलार्म बजने के बाद गुरुवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
फ्लाइट IX 1253 ने वाराणसी से करीब सुबह 8 बजे उड़ान भरी थी। कुछ देर बाद कार्गो में धुएं का अलार्म बजने पर पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट के एटीसी से संपर्क किया। अनुमति मिलने के बाद विमान ने सुबह 8:52 बजे सुरक्षित लैंडिंग की।
विमान के उतरते ही फायर ब्रिगेड, रिस्पॉन्स टीम और तकनीकी विशेषज्ञों ने जांच शुरू कर दी। करीब 9:02 बजे 155 यात्रियों और क्रू सदस्यों को विमान से बाहर निकाला गया। शुरुआती जांच में विमान में धुआं या आग का कोई संकेत नहीं मिला।
इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के स्टैंड पर पार्क कर दिया गया। अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि धुएं या आग का कोई संकेत नहीं मिलने के बावजूद स्मोक अलार्म क्यों सक्रिय हुआ।






