नई दिल्ली, 03 सितंबर, 2026 (जगदेव सिंह जग्गी): नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच भारत ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में भारत ने नेपाल के लिए राहत सामग्री की पांचवीं खेप भेजी है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पांचवां भारतीय विमान नेपाल के लिए रवाना हुआ है। विमान में विशेषज्ञ उपकरणों से लैस 11 सदस्यीय बचाव दल और 5.5 टन जरूरी दवाइयां भेजी गई हैं।
भारत अब तक नेपाल को 68 टन से अधिक आपातकालीन राहत सामग्री और विशेषज्ञ बचाव दल उपलब्ध करा चुका है। इसमें कंबल, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, प्लास्टिक शीट, हाइजीन किट, खाद्य पैकेट, सोलर लैंप, पानी शुद्ध करने वाली गोलियां और पोर्टेबल जनरेटर जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं।
नेपाल सरकार के अनुरोध पर भारत और चीन की तकनीकी टीमें हाइड्रोपावर टनल में खोज एवं बचाव अभियान में भी सहयोग कर रही हैं। वहीं, भारतीय फोरेंसिक टीम नेपाली अधिकारियों के साथ मिलकर पीड़ितों की पहचान के लिए डीएनए जांच और सैंपल विश्लेषण में मदद कर रही है।
इस बीच बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने बाढ़ प्रभावित त्रिशूली बाजार का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी चिंता व्यक्त की।






