लहरागागा/संगरूर, 4 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब सरकार द्वारा राज्य में गांवों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी के तहत जल संसाधन विभाग के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने लहरागागा सब-डिवीजन के विभिन्न गांवों में करीब 2 करोड़ 55 लाख 86 हजार रुपये की लागत से ड्रेनों पर बनाए जाने वाले तीन पुलों के नींव पत्थर रखे।
इन पुलों के निर्माण से संबंधित गांवों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा रोजाना आने-जाने के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। इसके साथ ही ड्रेनों के ढांचे की कार्यप्रणाली और रखरखाव को भी अधिक सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।

इन विकास कार्यों के तहत गांव बखोरा कलां में लहरा मेन ड्रेन के आर.डी. 28100 पर पुल का निर्माण करीब 93 लाख 39 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। इसी तरह रामगढ़ संधवां में एल-5 ड्रेन के आर.डी. 7900 पर पुल के निर्माण पर करीब 66 लाख 13 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा गांव कोटड़ा लहल में लहरा लिंक ड्रेन के आर.डी. 17600 पर पुल का निर्माण करीब 96 लाख 34 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर रही है।
उन्होंने कहा कि ड्रेनों पर पुलों के निर्माण से इन क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में आ रही परेशानियों से राहत मिलेगी और गांवों के बीच यातायात अधिक सुचारू होगा। इन पुलों से किसानों सहित आम लोगों को रोजमर्रा के कामकाज और कृषि संबंधी गतिविधियों के लिए आने-जाने में भी सुविधा मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण निर्माण सामग्री का इस्तेमाल करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को इनका लाभ जल्द से जल्द मिल सके।
उन्होंने कहा कि इन तीन पुलों के निर्माण से बखोरा कलां, रामगढ़ संधवां, कोटड़ा लहल और आसपास के गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को और मजबूती मिलेगी।






