पटियाला, 6 सितंबर, 2026 (अमनदीप सरां): मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) 2026 के तहत मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के दिशा-निर्देशों अनुसार आज पटियाला जिले के सभी 1861 पोलिंग बूथों पर विशेष शिविर लगाए गए।
इस दौरान भारत चुनाव आयोग द्वारा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के दूसरे चरण (नोटिस फेज/दावे और आपत्तियों के निपटारे) के कार्य को मुख्य रखते हुए पटियाला जिले के लिए तैनात किए गए रोल ऑब्जर्वर-सह-कमिश्नर पटियाला डिवीजन श्री विनय बुबलानी ने इन शिविरों का दौरा कर जायजा लिया।
डिविजनल कमिश्नर ने पटियाला शहरी निर्वाचन क्षेत्र के आयकर विभाग के मुख्य कार्यालय, पटियाला देहाती के थापर पॉलीटेक्निक कॉलेज, समाना निर्वाचन क्षेत्र के सरकारी स्मार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल (कल्याण) और नाभा निर्वाचन क्षेत्र के सरकारी रिपुदमन कॉलेज में बने मतदान केंद्रों पर विभिन्न पोलिंग बूथों का दौरा किया। उन्होंने चल रहे शिविरों के कामकाज पर पूर्ण संतोष व्यक्त किया।
श्री विनय बुबलानी ने मतदाताओं से बातचीत की और बी.एल.ओ. के प्रदर्शन का जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के दूसरे चरण के काम को पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए और चुनाव आयोग के निर्देशों का अक्षरशः (इन-बिन) पालन सुनिश्चित किया जाए।


डिप्टी कमिश्नर-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) शिविरों में मौजूद रहे। बड़ी संख्या में नागरिकों ने आवश्यक फॉर्म भरकर मौके पर ही अपने बी.एल.ओ. के पास जमा करवाए। इनमें नया वोट बनाने के लिए फॉर्म नंबर 6, एन.आर.आई. मतदाता के रूप में पंजीकृत होने के लिए फॉर्म नंबर 6ए और पता बदलने, शिफ्टिंग या विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म नंबर 8 शामिल हैं।
डॉ. अग्रवाल ने आगे बताया कि वोटर कार्ड, वोटर सेवाओं और एस.आई.आर. प्रक्रिया से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए जिला एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर बने हेल्पडेस्क के अलावा टोल-फ्री वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
दौरे के दौरान ओ.एस.डी. शहरी विकास मुकलिन आर., ए.डी.सी. शहरी विकास-सह-ई.आर.ओ. नवरीत कौर सेखों, एस.डी.एम./ई.आर.ओ. ए.पी.एस. सोमल, गुरदेव सिंह, रिचा गोयल और चुनाव तहसीलदार विजय कुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।






