काठमांडू, 06 सितंबर, 2026 (राजेश कुमार): नेपाल के गोरखा जिले के पहाड़ी क्षेत्र में भारी बारिश के बीच थेरांग नदी में अचानक बाढ़ आ गई। तेज बहाव में चार घर और एक सस्पेंशन पुल बह गया। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बाढ़ की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने समय रहते सुरक्षित स्थानों पर शरण ले ली। प्रशासन ने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बुधीगंडकी नदी के पूरे बेसिन में अलर्ट जारी कर लोगों को नदी किनारे जाने से बचने की सलाह दी है।
बाढ़ अपने साथ बड़ी मात्रा में मलबा और कीचड़ भी लेकर आई, जिससे आसपास का क्षेत्र प्रभावित हुआ है। पुल बहने से स्थानीय लोगों के साथ मनासलू क्षेत्र में ट्रैकिंग करने वाले पर्यटकों की आवाजाही भी प्रभावित होने की आशंका है।
अधिकारियों ने लोगों से जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।






