रोल ऑब्जर्वर ने संगरूर के पांच विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूचियों की सुधार प्रक्रिया की समीक्षा की; विशेष कैंपों के दौरान मतदान केंद्रों का भी लिया जायजा
संगरूर, 6 सितंबर, 2026 (विशाल गुप्ता): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जिला संगरूर में चल रही एस.आई.आर.-2026 के अंतर्गत मतदाता सूचियों की सुधार प्रक्रिया का निरीक्षण करने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब द्वारा नियुक्त इलेक्टोरल रोल ऑब्जर्वर वरिंदर कुमार शर्मा, आई.ए.एस., सचिव-कम-निदेशक, खाद्य, सिविल सप्लाई एवं उपभोक्ता मामले, पंजाब ने अपनी पहली जिला यात्रा के दौरान पूरी प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी पूनमदीप कौर, जिले के पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 99-लहरा, 100-दिड़बा, 101-सुनाम, 107-धूरी और 108-संगरूर के सभी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर ने रोल ऑब्जर्वर का स्वागत करते हुए जिले में एस.आई.आर.-2026 के तहत अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा और दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा रहा है।
वरिंदर कुमार शर्मा ने नोटिस चरण, प्राप्त दावों एवं आपत्तियों, उनके निपटारे तथा मतदाता सूचियों के सत्यापन की प्रगति का जायजा लेते हुए कहा कि एस.आई.आर. का मूल उद्देश्य शुद्ध, सही और त्रुटिरहित मतदाता सूचियां तैयार करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर योग्य मतदाता का नाम सूची में दर्ज होना और किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम शामिल न होना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि 13 अगस्त से फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 प्राप्त किए जा रहे हैं। 1 अक्टूबर 2026 की योग्यता तिथि के आधार पर नया वोट बनवाने के योग्य नागरिक 12 सितंबर तक फॉर्म-6 और आवश्यक दस्तावेज जमा करवा सकते हैं। एन.आर.आई. मतदाताओं के लिए फॉर्म-6ए, नाम कटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में संशोधन या पता बदलने के लिए फॉर्म-8 जमा करवाया जा सकता है। ये सेवाएं voters.eci.gov.in और ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से भी प्राप्त की जा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि दावों एवं आपत्तियों का निपटारा 8 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 12 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। मतदाता सेवाओं या एस.आई.आर. संबंधी जानकारी के लिए हेल्पडेस्क के अलावा वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
इसके उपरांत रोल ऑब्जर्वर ने पांच विधानसभा क्षेत्रों में लगाए गए विशेष कैंपों के दौरान कुछ मतदान केंद्रों का दौरा कर बी.एल.ओ. और मतदाताओं से सीधे बातचीत की तथा एस.आई.आर.-2026 के दौरान पेश आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर अंकुर महेंदरू, चुनाव तहसीलदार परमजीत कौर सहित संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी-कम-उप मंडल मजिस्ट्रेट तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।