पटियाला, 9 सितंबर, 2026 (अमनदीप सरां): ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ के दूसरे दिन पोलो ग्राउंड में आयोजित किए जा रहे खेल मुकाबलों में पीआरटीसी के चेयरमैन श्री हरपाल जुनेजा ने विशेष रूप से शिरकत कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ रखने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, मेहनत और टीम भावना की भावना भी पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

चेयरमैन हरपाल जुनेजा ने खिलाड़ियों को पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक एवं रचनात्मक दिशा में लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भी भारी उत्साह देखने को मिला। श्री जुनेजा ने प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






