पटियाला, 10 सितंबर 2026 (अमनदीप सरां): पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीडीपीओ कार्यालय भूनरहेड़ी, जिला पटियाला में तैनात पंचायत सचिव गुरजंट सिंह को 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
यह जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी की गिरफ्तारी गांव भटियां, जिला पटियाला के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि ग्राम पंचायत ने स्थानीय धर्मशाला और कम्युनिटी हॉल की मरम्मत एवं निर्माण के लिए प्रस्ताव पारित किए थे। इन प्रस्तावों की आगे की कार्रवाई और विकास कार्यों को मंजूरी दिलाने के लिए पंचायत सचिव गुरजंट सिंह ने उससे 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। आरोपी पंचायत सचिव ने यह भी कहा था कि रिश्वत की रकम में से एक हिस्सा प्रस्तावों पर हस्ताक्षर करवाने के लिए ग्राम पंचायत के पंचों में बांटा जाएगा।
रिश्वत देने के इच्छुक नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो पटियाला से संपर्क किया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी पंचायत सचिव को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत विजिलेंस ब्यूरो थाना पटियाला में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।






