पटियाला, 17 सितंबर, 2026 (हर्षप्रीत कौर): पंजाब जेल विभाग के नाम एक और बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि जुड़ गई है। विभाग में बतौर वार्डर तैनात प्रभजोत सिंह ने मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में 8 सितंबर 2026 से आयोजित ‘नेशनल सीनियर किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर राज्य और विभाग का नाम रोशन किया है।
पंजाब जेल ट्रेनिंग स्कूल, पटियाला के प्रिंसिपल वरुण शर्मा ने बधाई देते हुए बताया कि वार्डर प्रभजोत सिंह ने यह कठिन प्रशिक्षण पंजाब जेल ट्रेनिंग स्कूल, पटियाला में विभाग के प्रशिक्षक (इन्स्ट्रक्टर) बलबीर सिंह के कुशल नेतृत्व और देखरेख में हासिल किया है। उन्होंने कहा कि प्रभजोत सिंह की इस जीत ने विभाग के अन्य कर्मचारियों के लिए भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का एक नया रास्ता दिखाया है।

वरुण शर्मा ने विजेता खिलाड़ी प्रभजोत सिंह और उनके कोच बलबीर सिंह को बधाई दी और कहा कि विभाग को अपने ऐसे होनहार कर्मचारियों पर गर्व है, जो ड्यूटी के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रभजोत सिंह भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश और पंजाब का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर वाइस प्रिंसिपल मुकेश शर्मा भी मौजूद थे।






