पटियाला, 26 सितंबर, 2026 (अनिल कुमार भारती): पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन के प्रति अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को निभाते हुए ‘जनहित समिति (रजि.) पटियाला’ द्वारा 20 नंबर रेलवे फाटक (निकट कमिश्नर आवास, पटियाला) में एक विशाल पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। समिति के अध्यक्ष एस. के. गौतम तथा राज्य पुरस्कार विजेता एवं सामान्य सचिव विनोद शर्मा के कुशल नेतृत्व तथा मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में 200 से अधिक फलदार एवं आयुर्वेदिक (औषधीय) पौधे रोपित किए गए। इस सफल आयोजन के साथ ही जनहित समिति ने चालू वर्ष में 1000 पौधे लगाने का अपना संकल्प एवं लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के सामान्य सचिव विनोद शर्मा ने वृक्षारोपण के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानव जीवन के अस्तित्व तथा पर्यावरण के संतुलन हेतु वृक्ष अत्यंत अनिवार्य हैं। पर्यावरण की शुद्धि और आने वाली पीढ़ियों के आरोग्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की मुख्य आवश्यकता है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती अनीता बंसल (सेवानिवृत्त बी.पी.ई.ओ./बी.डी.पी.ओ.) ने जनहित समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं, असहाय लोगों की सहायता तथा प्रतिवर्ष लगभग 1000 विद्यार्थियों को दी जाने वाली शैक्षणिक सहायता जैसे जनकल्याणकारी कार्यों की भूरि-भूरि सराहना की। वहीं, सी.ए. राजिंदर जिंदल ने उपस्थित सभी लोगों को आने वाली पीढ़ियों के सुखद एवं सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने हेतु प्रेरित किया।
इस गरिमामयी अवसर पर श्रीमती अनीता बंसल, सी.ए. राजिंदर जिंदल, श्री विवेक शर्मा, संस्थापक सदस्य अंतरराष्ट्रीय लेखक एवं शिक्षा शास्त्री अनिल भारती, श्री अमरदीप सिंह, एडवोकेट हरजिंदर सिंह (जर्मनी) तथा श्री वरिंदर गर्ग सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






