पटियाला, 29 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा एस.सी. किसानों के लिए सी.आर.एम. योजना के तहत पराली प्रबंधन में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के लिए एक बार फिर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर आवेदन मांगे गए हैं।
इस संबंध में मुख्य कृषि अधिकारी, पटियाला डॉ. दारा सिंह ने बताया कि सी.आर.एम. योजना वर्ष 2026-27 के तहत कंपोनेंट-1 के अंतर्गत एस.सी. किसानों को पराली के उचित प्रबंधन एवं संभाल के लिए उपयोगी मशीनें 50 प्रतिशत सब्सिडी पर उपलब्ध करवाने हेतु सरकार द्वारा पोर्टल को 26.09.2026 से दोबारा खोल दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर करने का निर्णय लिया गया है। यह पोर्टल जिले को आवंटित लक्ष्यों की प्राप्ति तक खुला रखा जाएगा।
इस संबंध में मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. दारा सिंह ने सभी ब्लॉक कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे गांव स्तर पर कैंपों और बैठकों के माध्यम से किसानों को इस योजना के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाएं।






