फतेहाबाद, 5 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने गांव ललौदा में भाजपा कार्यकर्ता कुलवंत सिंह राय के खेत में पहुंचकर किसान भाइयों के साथ पराली की कटाई से लेकर उसे एकत्रित करने और मशीन के माध्यम से गांठें बनाने तक के कार्य में सहभागिता की। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने स्वयं खेत में काम करते हुए किसानों की मेहनत और खेती से जुड़ी कठिनाइयों को करीब से समझा।
यह जानकारी देते हुए भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बताया कि जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने किसानों के साथ खेत में पराली एकत्रित करने तथा उसकी गांठें तैयार करने की प्रक्रिया में हाथ बंटाया और उनसे खेती-किसानी से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद भी किया।
इस अवसर पर प्रवीन जोड़ा ने कहा कि किसान की मेहनत को सही मायने में समझना है तो खेत में उतरकर उनके साथ काम करना जरूरी है। खेत की मिट्टी से जुड़कर किसान भाइयों के परिश्रम, मेहनत और जज्बे को करीब से महसूस करना एक सुखद, प्रेरणादायक और सीख देने वाला अनुभव रहा।
उन्होंने कहा कि किसान केवल देश के अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण विकास की मजबूत नींव हैं। किसान विपरीत परिस्थितियों में भी दिन-रात मेहनत करके देश के लिए अन्न पैदा करता है। किसानों की मेहनत और पसीने का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।
प्रवीन जोड़ा ने कहा कि पराली को जलाने की बजाय उसका उचित प्रबंधन कर गांठें बनाना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय प्रयास है। इससे पराली का सदुपयोग होने के साथ प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलती है। उन्होंने किसानों की मेहनत, समर्पण और परिश्रम को नमन करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।





