एस.डी.एम. रिचा गोयल ने सरपंचों और नंबरदारों को पराली न जलाने के लिए किया प्रेरित
समाना, 6 अक्टूबर, 2026 (हर्षलीन सिंह): पराली के उचित प्रबंधन और पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए कृषि विभाग की ओर से क्रॉप रेजीड्यू मैनेजमेंट के तहत समाना में ब्लॉक स्तरीय कैंप लगाया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों की संयुक्त अगुवाई में गांवों के सरपंचों और नंबरदारों के साथ पराली के उचित प्रबंधन को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
कैंप में एस.डी.एम. समाना रिचा गोयल ने विशेष रूप से शिरकत करते हुए किसानों और गांवों के प्रतिनिधियों को संबोधित किया तथा सरपंचों और नंबरदारों को पराली न जलाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि पराली जलाने की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन, किसानों और गांवों के प्रतिनिधियों का आपसी सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने सरपंचों और नंबरदारों से अपील की कि वे अपने-अपने गांवों में किसानों को पराली नहीं जलाने तथा उपलब्ध कृषि मशीनरी का उपयोग करते हुए पराली का उचित प्रबंधन करने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर डी.एस.पी. समाना फतेह सिंह बराड़, ए.आर. कोऑपरेटिव सोसाइटीज समाना, बी.डी.पी.ओ. समाना गुरमीत सिंह, तहसीलदार समाना तथा सभी क्लस्टर अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पराली प्रबंधन के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों और किसानों को उपलब्ध करवाई जा रही कृषि मशीनरी के बारे में भी जानकारी दी।





