मेलबर्न, 6 अक्टूबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): ऑस्ट्रेलिया में बढ़ते प्रवासन को लेकर राजनीतिक दबाव तेज हो गया है। मुख्य विपक्षी दल कोएलिशन ने देश में शुद्ध विदेशी प्रवासन को घटाकर सालाना 1 लाख करने का प्रस्ताव रखा है। यह मौजूदा स्तर का करीब एक-तिहाई होगा। विपक्ष के नेता एंगस टेलर ने इसे ऑस्ट्रेलिया के इतिहास में प्रवासन में सबसे बड़ी कटौती बताया। प्रस्ताव के अनुसार पहले दो वर्षों में वार्षिक लक्ष्य 1 लाख रखा जाएगा, जबकि तीसरे साल इसे बढ़ाकर 1.30 लाख और चौथे साल 1.60 लाख किया जाएगा।
योजना के तहत चार वर्षों में अस्थायी वीजा धारकों की संख्या करीब 6.50 लाख घटाने और मानवीय आधार पर आने वाले लोगों की वार्षिक संख्या 20 हजार से घटाकर 10 हजार करने का प्रस्ताव है। अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए भी सख्त नियम लागू करने और उनकी संख्या को 2.40 लाख सालाना तक सीमित करने की बात कही गई है। विपक्ष का कहना है कि नई नीति में उच्च-कुशल विदेशी कामगारों को प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि, इस प्रस्ताव से ऑस्ट्रेलिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले व्यापक असर का पूरा आकलन अभी सामने नहीं आया है। विपक्ष ने सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रवासन कम करने और अस्थायी वीजा नियमों में बदलाव के पहले किए गए ऐलान अब तक पूरी तरह लागू नहीं किए गए हैं।





