कुरुक्षेत्र, 7 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में बुधवार को प्ररेणा वृद्धाश्रम कुरुक्षेत्र में वरिष्ठ नागरिकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की रिटेनर/पैनल अधिवक्ता मंजू रानी ने प्रेरणा वृद्ध आश्रम का दौरा किया तथा वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को नालसा (वरिष्ठ नागरिक) योजना, वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जा रही नि:शुल्क कानूनी सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध कानूनी सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं तथा न्याय तक उनकी आसान पहुंच के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी अधिकारों एवं नि:शुल्क विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें समय पर न्याय एवं सहायता उपलब्ध करवाना रहा।





