फतेहगढ़ साहिब, 7 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी, फतेहगढ़ साहिब के गतका खिलाड़ियों ने श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर में आयोजित 10वीं राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 29 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्टेडियम, श्रीनगर में आयोजित इस चैंपियनशिप में देशभर से 500 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
चैंपियनशिप के दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी के चार खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी राज्य टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की। अगमजोत सिंह, बीपीईएस प्रथम वर्ष ने स्वर्ण पदक, जीवनजोत सिंह, डिप्लोमा इन गतका और जुगजीत सिंह, बीसीए प्रथम वर्ष ने रजत पदक, जबकि हरलीन सिंह, एमपीएड अंतिम वर्ष ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
इस शानदार उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) परित पाल सिंह ने गतका खिलाड़ियों का सम्मान करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने और विशेष रूप से सिख मार्शल आर्ट गतका को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास को और मजबूत करती हैं।
उन्होंने बताया कि सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट और डॉ. एस.पी. सिंह ओबरॉय के सहयोग से विश्वविद्यालय में एक वर्षीय डिप्लोमा इन गतका कोर्स भी चलाया जा रहा है। इस कोर्स के माध्यम से युवाओं को गतका की विधिवत प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उन्हें सिख मार्शल आर्ट की समृद्ध विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) परित पाल सिंह ने विभागाध्यक्ष डॉ. वरिंदर सिंह भुल्लर, गतका खिलाड़ियों और कोच तलविंदर सिंह को भी विशेष रूप से बधाई दी।
इस अवसर पर डॉ. हरदेव सिंह, विभागाध्यक्ष, धर्म अध्ययन; डॉ. रमणदीप कौर, विभागाध्यक्ष, राजनीति विज्ञान; डॉ. बहादुर सिंह तथा गतका कोच तलविंदर सिंह उपस्थित रहे।





