वादों के मौसम से वोटों की परीक्षा तक
चुनाव आते ही राजनीति का रंग ही बदल जाता है। जो नेता पांच साल तक अपने दफ्तर, सुरक्षा घेरे या राजनीतिक बैठकों में नजर आता रहा, वह अचानक गली-मोहल्लों का हिस्सा बन जाता है। किसी के घर चाय, किसी की दुकान पर बातचीत, किसी बुजुर्ग के कंधे पर हाथ, किसी युवा के साथ सेल्फी और किसी गरीब के घर बैठकर यह कहना कि “आपकी समस्या मेरी समस्या है”—चुनाव का मौसम आते ही ऐसे रंगारंग कार्यक्रम आम हो जाते हैं।
अगर जनता की समस्या इतनी ही अपनी है, तो फिर यह समस्या पांच साल तक किसकी थी?
यही सवाल चुनाव को केवल वोट डालने की रस्म से निकालकर लोकतंत्र की असली परीक्षा में बदल देता है।
गांव की टूटी सड़क, शहर का जाम, सीवरेज का गंदा पानी, पीने के पानी की कमी, सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, स्कूलों की खराब इमारतें, बेरोजगारी, किसान की बढ़ती लागत, व्यापारी की चिंता और युवा के विदेश जाने की मजबूरी—ये सभी समस्याएं चुनाव से कुछ समय पहले अचानक “बहुत ज्यादा जरूरी” बन जाती हैं।
जो गली वर्षों से टूटी पड़ी थी, वहां चुनाव नजदीक आते ही निरीक्षण शुरू हो जाता है। जिस नाले की सफाई के लिए लोग बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाते रहे, उसकी तस्वीरें अब राजनीतिक सोशल मीडिया पेजों पर दिखाई देने लगती हैं।
जनता हैरान होकर सोचती है—
“क्या चुनाव ही वह तारीख है, जिस दिन हमारी समस्याएं सरकार को दिखाई देती हैं?”
यह सवाल किसी एक पार्टी या किसी एक उम्मीदवार का नहीं है। यह हमारे पूरे चुनावी संस्कृति का सवाल है।
फिर शुरू होता है वादों का दौर
नौकरियों के वादे, मुफ्त या सस्ती सुविधाएं, नए प्रोजेक्ट, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा में सुधार, किसानों के लिए राहत, व्यापारियों के लिए सुविधाएं और युवाओं के लिए नए अवसर—इन सबके साथ सबसे बड़ा मुद्दा अक्सर “नशे का खात्मा” भी बन जाता है।
घोषणापत्र पढ़ते हुए कई बार ऐसा लगता है जैसे सरकार बनते ही हर समस्या का समाधान दरवाजे पर खड़ा होगा।
जैसे एक चरवाहे ने खुश होकर भेड़ों से कहा कि इस बार सबको एक-एक कंबल उपहार में दिया जाएगा। भेड़ों के झुंड में कुछ समझदार भेड़ें सोचने लगीं—
“ऊन तो हमारी ही उतारी जाएगी, फिर उपहार कैसा?”
जनता को एक जरूरी सवाल पूछने की आदत भी डालनी चाहिए—
“वादा तो ठीक है, लेकिन पैसा कहां से आएगा?”
किसी योजना का ऐलान करना आसान है। उसके लिए बजट, प्रशासनिक ढांचा, समय-सीमा और उसे लागू करने की क्षमता बताना उतना ही जरूरी है। आखिर उम्मीदवारों को सिर्फ वादे नहीं करने, उन्हें जमीन पर उतारने की योजना भी बतानी चाहिए।
इसीलिए चुनावी वादा सिर्फ यह नहीं बताता कि उम्मीदवार क्या देना चाहता है, बल्कि मतदाता को यह भी देखना चाहिए कि वह देगा कैसे?
भाषणों से अलग है आम आदमी की जिंदगी
एक तरफ चुनावी मंचों पर बड़े-बड़े भाषण होते हैं। दूसरी तरफ आम परिवार अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से जूझ रहा होता है।
घर का बजट महंगाई से लड़ रहा है। युवा रोजगार के लिए भटक रहा है। बेरोजगार या गलत संगत में पड़े युवा नशे के दलदल में फंसते जा रहे हैं। माता-पिता बच्चों की पढ़ाई के खर्च का हिसाब जोड़ रहे हैं। किसान मौसम, लागत और मंडी की चिंता में है। छोटा व्यापारी बिजली, किराए, टैक्स और कारोबार के खर्चों का हिसाब कर रहा है।
हालात हर दिन नई चुनौती लेकर सामने आ रहे हैं।
किसी परिवार के लिए चुनाव केवल राजनीतिक विचारधारा का सवाल नहीं है। यह रोटी, रोजगार, शिक्षा, इलाज, सुरक्षा और नशे के अभिशाप से मुक्ति का सवाल भी है।
इसीलिए मतदाता का दर्द चुनावी भाषणों से कहीं बड़ा है।
मुद्दों से ज्यादा तेजी से बनता है नैरेटिव
चुनाव का दूसरा चरण और भी दिलचस्प होता है। अब मुद्दों से ज्यादा तेजी से नैरेटिव बनने लगते हैं। सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की वीडियो हजारों लोगों तक पहुंच जाती है। एक तस्वीर, एक बयान या एक आरोप कई बार पूरे दिन की राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन जाता है।
यहां उम्मीदवार के सामने एक बड़ी चुनौती होती है—
क्या सामाजिक और बुनियादी जरूरतों के पीछे जाया जाए, या जाति, धर्म, पंथ और धार्मिक भावनाओं से जुड़े बनाए गए मुद्दों के पीछे खड़ी किसी कहानी का हिस्सा बना जाए?
किसी भी उम्मीदवार के लिए काम करके दिखाने में समय और क्षमता लगती है। कहानी बनाने में कुछ मिनट।
इसीलिए राजनीति में कई बार वास्तविक प्रदर्शन से ज्यादा उसकी पैकेजिंग और दिखावा बड़ा दिखाई देने लगता है।
मतदाता को सवाल बदलने होंगे
मतदाता को अब सिर्फ यह नहीं पूछना चाहिए—
“आप हमारे लिए क्या करेंगे?”
बल्कि यह भी पूछना चाहिए—
“आपने पहले क्या किया?”
अगर उम्मीदवार पहले किसी पद पर रह चुका है तो उसके कार्यकाल का रिकॉर्ड क्या है? कितने वादे पूरे हुए? कितने अधूरे रह गए? और जो अधूरे रह गए, वे क्यों रह गए?
अगर नया उम्मीदवार है तो उसका सार्वजनिक जीवन, सामाजिक कार्य, प्रशासनिक समझ और लोगों के साथ उसका संपर्क कैसा रहा है?
सिर्फ पार्टी का झंडा उम्मीदवार की योग्यता का प्रमाणपत्र नहीं हो सकता।
मतदाता की सामाजिक जरूरतों को भी समझना होगा
यह कहना आसान है कि “मतदाता पैसे या छोटे लाभ के लिए वोट न दे।” लेकिन जमीनी हकीकत यह भी है कि समाज के कमजोर वर्ग के लिए छोटी सहायता भी कई बार बहुत मायने रखती है।
जो परिवार महीने का बजट मुश्किल से चला पाता है, उसके लिए चुनाव के समय मिलने वाला छोटा लाभ भी महत्वपूर्ण हो सकता है। लेकिन जब पांच साल की नीतियों को एक दिन के लाभ से तौला जाने लगे, तब लोकतंत्र के सामने गंभीर चुनौती खड़ी होती है।
वोट की कीमत तत्काल मिलने वाली किसी वस्तु या लाभ से कहीं अधिक है।
चुनावी बहस में मर्यादा जरूरी
जब चुनावों में मुद्दों की जगह जाति, धर्म, निजी हमले और बिना सत्यापन के आरोप हावी होने लगें, तो चुनावी बहस अपना मूल उद्देश्य खोने लगती है।
किसी व्यक्ति के निजी जीवन पर बेबुनियाद हमला, झूठी जानकारी या समाज को बांटने वाली भाषा लोकतंत्र को मजबूत नहीं करती। ऐसी राजनीति सार्वजनिक बहस की गुणवत्ता को कमजोर कर सकती है।
चुनावों में राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से अपेक्षा की जाती है कि वे नीतियों और कार्यक्रमों पर बहस करें तथा आरोपों और प्रचार में मर्यादा बनाए रखें।
सबसे बड़ी विडंबना
चुनाव से पहले—नेता मतदाता को खोजता है।
चुनाव के दौरान—मतदाता की वोट सबसे कीमती हो जाती है।
चुनाव के बाद—मतदाता को अपने नेता को खोजने की जरूरत पड़ती है।
यही हमारे लोकतंत्र की बड़ी विडंबनाओं में से एक है।
लेकिन इस स्थिति का समाधान केवल नेता के पास नहीं है।
मतदाता के पास भी है।
अब मतदाता को सवाल पूछने होंगे
चुनावी मंच पर तालियां बजाने से पहले सवाल पूछिए।
वादे कितने बड़े हैं—यह नहीं।
वादा पूरा करने की योजना कितनी स्पष्ट है—यह पूछिए।
भाषण कितना लंबा है—यह नहीं।
पिछला काम कितना टिकाऊ रहा—यह देखिए।
पोस्टर कितना बड़ा है—यह नहीं।
उम्मीदवार की जवाबदेही कितनी बड़ी है—यह देखिए।
सोशल मीडिया पर कितने फॉलोअर्स हैं—यह नहीं।
जमीन पर कितने लोग उसके काम की गवाही देते हैं—यह पूछिए।
पांच साल की वोट, पांच मिनट का फैसला नहीं
वोट डालने का समय कुछ मिनट का जरूर होता है, लेकिन उस वोट का प्रभाव पांच साल या उससे भी अधिक समय तक रह सकता है।
इसलिए वोट किसी रिश्तेदारी की मजबूरी नहीं होनी चाहिए।
न किसी के दबाव का परिणाम।
न किसी चमकदार पोस्टर का प्रभाव।
न किसी वायरल वीडियो से पैदा हुआ तत्काल जोश।
वोट सोच-समझकर लिया गया सार्वजनिक फैसला होना चाहिए।
चुनाव में भले ही उम्मीदवार खुद को परखवाने आते हैं, लेकिन असल में परीक्षा मतदाता की भी होती है।
उम्मीदवार पूछता है—
“मुझे वोट दीजिए?”
मतदाता को इससे पहले पूछना चाहिए—
“मैं आप पर भरोसा क्यों करूं?”
यही सवाल राजनीति को नारों से निकालकर जवाबदेही की ओर ले जा सकता है।
क्योंकि लोकतंत्र में वोट सिर्फ उंगली पर लगी स्याही नहीं है।
यह पांच साल के लिए दिया गया अधिकार है।
वादों के मौसम में हर उम्मीदवार हमदर्द बनता है और खुद को जनता की आवाज बताता है। लेकिन असली सच्चाई चुनावी भाषणों में नहीं, बल्कि चुनावों के बाद की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों में सामने आती है।
इसलिए मतदाता को अब सिर्फ सुनना नहीं, परखना है।
सिर्फ पूछना नहीं, हिसाब भी मांगना है।
सिर्फ वादा नहीं, वायदे का रोडमैप भी देखना है।
क्योंकि चुनाव में उम्मीदवार बहुत होते हैं—
लेकिन फैसला एक ही होता है।
मतदाता का फैसला
गुरमीत सिंह तुंग
ब्यूरो चीफ ( 98552 21193)






