कुरुक्षेत्र, 8 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार मंडियों में फसल खरीद कार्यों को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए है। मंडियों व खरीद केंद्रों पर किसानों, आढ़तियों व व्यापारियों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। संबंधित अधिकारी मंडियों में धान खरीद कार्य के साथ-साथ धान उठान कार्य भी निरंतर व तेज गति से करवाना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ-साथ किसानों की फसल का भुगतान भी जल्द से जल्द करवाने के सभी प्रबंध किए जाए।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि गत दिवस मुख्यमंत्री ने उच्चाधिकारियों की बैठक के दौरान धान सीजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए है। इन आदेशों की पालना करते हुए अधिकारियों को मंडियों में मौजूद रहकर धान खरीद व उठान कार्य पर बारीकी से नजर रखने के निर्देश दिए गए है। सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष हरियाणा के किसानों को बाजरे के लिए 2900 रुपये प्रति क्विंटल का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलेगा। इस वर्ष सरकार द्वारा बाजरे की खरीद 2300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। यदि किसी किसान को खुले बाजार में 2300 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक का भाव मिलता है, तो बिक्री मूल्य और 2900 रुपये के एमएसपी के बीच के अंतर की भावांतर भरपाई योजना के तहत सरकार द्वारा की जाएगी। सरकार द्वारा भावांतर भरपाई योजना के तहत किसानों को 600 रुपए प्रति क्विंटल का लाभ दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि मंडियों में आवक बढ़ने के साथ-साथ उठान की व्यवस्था भी उसी गति से सुनिश्चित की जाए, ताकि मंडियों में अनावश्यक रूप से धान का स्टॉक जमा न हो और किसानों को अपनी फसल लाने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। इसके साथ-साथ सरकार के निर्देशानुसार एचसीएस स्तर के अधिकारियों द्वारा भी निरंतर मंडियों का निरीक्षण किया जा रहा है और इसकी प्रतिदिन की रिपोर्ट सरकार को भेजी जा रही है।





