कुरुक्षेत्र, 8 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा फसल विविधीकरण वर्ष 2026-27 के तहत जिला कुरुक्षेत्र के किसानों को धान की सीधी बिजाई में प्रयोग होने वाली डीएसआर मशीन अनुदान पर प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन परमिट जारी किए गए थे। कुछ किसान किसी कारणवश ऑनलाइन परमिट डाउनलोड करने और मशीन खरीद करने से वंचित रह गए थे।
उपायुक्त ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा ऐसे किसानों को अंतिम मौका देते हुए परमिट डाउनलोड करने की तिथि को 14 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है और किसान मशीन खरीद करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है। किसान द्वारा मशीन खरीद कर बिल इत्यादि पोर्टल पर अपलोड करवाकर अपना बिल, फोटो आदि सहायक कृषि अभियंता कुरुक्षेत्र कार्यालय में जमा करवाना होगा। मशीनों का भौतिक सत्यापन सहायक कृषि अभियंता कार्यालय सेक्टर 7 में 22 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।





