पटियाला, 8 अक्टूबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पटियाला के मंडलायुक्त श्री विनय बुबलानी के अवकाश के दौरान पटियाला जिले के लिए इलेक्टोरल रोल ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए रक्षा सेवा कल्याण विभाग, पंजाब के प्रधान सचिव श्री सुमेर सिंह गुर्जर ने आज अतिरिक्त उपायुक्त (ज) अनुप्रिता जौहल तथा जिले के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के साथ बैठक कर मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर चुनाव तहसीलदार विजय कुमार चौधरी भी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान श्री गुर्जर ने मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के लिए किए जा रहे प्रबंधों की समीक्षा की। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पटियाला जिले की अंतिम मतदाता सूचियां 12 अक्टूबर, 2026 को प्रकाशित की जाएंगी और इसके लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर श्री सुमेर सिंह गुर्जर ने मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के लिए निर्धारित समय-सारणी का पालन सुनिश्चित करने तथा सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता, विशेषकर युवा मतदाता, मतदाता के रूप में पंजीकरण के अपने अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही, किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाना चाहिए। इसके लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

जिला प्रशासन की ओर से श्री गुर्जर को बताया गया कि जिले के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूचियों की पीडीएफ फाइलें डाउनलोड करने और छपाई के लिए भेजने की प्रक्रिया जारी है। अंतिम प्रकाशन के बाद मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को फोटो सहित मतदाता सूचियों के पूरे सेट उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, मतदान केंद्रों, ईआरओ कार्यालयों, जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर मतदाता सूचियां उपलब्ध करवाने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
बैठक में मतदाता सूचियों से संबंधित प्राप्त शिकायतों के निपटारे, सांख्यिकीय विश्लेषण तथा नए पंजीकृत मतदाताओं के मतदाता फोटो पहचान पत्रों (ईपीआईसी) की छपाई और वितरण संबंधी प्रबंधों के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की गई है और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार अंतिम मतदाता सूचियों का प्रकाशन सुनिश्चित किया जाएगा।





