पटियाला, 08 अक्टूबर, 2026 (हर्षलीन सिंह): पटियाला नगर निगम के चुनाव मामले को लेकर माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए ऐतिहासिक फैसले का पंजाब यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मोहित मोहिंद्रा ने स्वागत करते हुए इसे पटियाला वासियों की बड़ी जीत करार दिया है।
मोहित मोहिंद्रा ने कहा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए जिन वार्डों में चुनाव प्रक्रिया को गैर-कानूनी पाया है, वहां छह सप्ताह के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला पटियाला वासियों के लोकतांत्रिक अधिकारों की जीत है।
उन्होंने कहा कि पटियाला शहर के लोगों की भावनाओं और उनकी इच्छा के अनुसार ही कांग्रेस पार्टी अपनी अगली रणनीति तय करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले छह सप्ताह में होने वाली चुनाव प्रक्रिया को सरकार पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न करवाएगी।
मोहित मोहिंद्रा ने कहा कि वह परमपिता परमात्मा का धन्यवाद करते हैं। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी के पूरे परिवार और विशेष रूप से पटियाला वासियों का धन्यवाद किया, जिन्होंने लोकतंत्र और अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला पटियाला वासियों की बहुत बड़ी जीत है।





