बिजली मंत्री सोंद ने दित्तूपुर जट्टां में टिवाणा खेल मेले में कबड्डी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया
– कहा, राज्य में 3100 ग्रामीण खेल मैदानों के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर किया जा रहा है
भादसों, पटियाला, 8 अक्टूबर 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब के बिजली, ग्रामीण विकास एवं पंचायत, श्रम, आतिथ्य एवं पर्यटन तथा सांस्कृतिक मामलों के मंत्री स. तरुणप्रीत सिंह सोंद ने कहा है कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान पंजाब और पंजाबियों की भलाई के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल कर पंजाब के सच्चे सपूत होने का प्रमाण दिया है। स. सोंद आज शाम भादसों के नजदीकी गांव दित्तूपुर जट्टां में आयोजित 58वें वार्षिक तीन दिवसीय टिवाणा खेल मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उनके साथ ‘आप’ के वरिष्ठ नेता करनवीर सिंह टिवाणा और मार्केट कमेटी नाभा के चेयरमैन गुरदीप सिंह टिवाणा भी मौजूद थे।
सभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री स. तरुणप्रीत सिंह सोंद ने कहा कि विरोधियों को स. भगवंत सिंह मान की लोकप्रियता बर्दाश्त नहीं हो रही, जिसके चलते वे मुख्यमंत्री को बदनाम करने के लिए घटिया हथकंडे अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज लोकप्रिय मुख्यमंत्री के खिलाफ वही लोग बयानबाजी कर रहे हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान पंजाब की जवानी को नशे की ओर धकेला और किसानों की बेहतरी के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

इस अवसर पर कबड्डी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए स. सोंद ने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य में 3100 खेल मैदानों के निर्माण के लिए 1500 करोड़ रुपये का बजट रखा है। उन्होंने कहा कि इन खेल मैदानों और ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की खेती और किसानों को बचाने के लिए पंजाब के पानी की रक्षा की जा रही है तथा हमारी धरती को बंजर होने से रोकने के लिए हर खेत तक नहरी पानी पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब इस समय तरक्की की राह पर आगे बढ़ रहा है और राज्य सरकार युवाओं को पंजाब में ही बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विरोधी पार्टियों द्वारा किए जा रहे दुष्प्रचार से सचेत रहें और पंजाब की तरक्की में अपना योगदान दें।
समागम के दौरान गुरमिंदर सिंह टिवाणा, नवदीप सिंह टिवाणा, मनप्रीत सिंह नागरा, प्रभजीत सिंह लोटे, राजवीर सिंह टिवाणा, निर्भय सिंह, लखविंदर सिंह, जसवीर सिंह भंगू, मनदीप सिंह नंबरदार, गगनदीप सिंह हियाणा, सरपंच जगदीप सिंह धंगेड़ा सहित टिवाणा स्पोर्ट्स एंड यूथ वेलफेयर क्लब, ग्राम पंचायत के सदस्य तथा बड़ी संख्या में गांववासी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।





