फतेहगढ़ साहिब, 9 अक्टूबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों में आयोजित की जा रही अभिभावक-अध्यापक बैठकें (पीटीएम) अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने, शिक्षा की गुणवत्ता को और मजबूत करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हैं। यह जानकारी सरकारी स्मार्ट स्कूल संगतपुर सोढियां के कार्यकारी प्रिंसिपल संदीप सूद ने अभिभावक-अध्यापक बैठक के संबंध में दी।

उन्होंने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई, प्रदर्शन और सीखने की प्रक्रिया से जोड़ना है, ताकि शिक्षक और अभिभावक आपसी तालमेल से बच्चों की जरूरतों और समस्याओं को समझकर उनके बेहतर भविष्य के लिए मिलकर प्रयास कर सकें।
प्रिंसिपल संदीप सूद ने कहा कि बच्चों की सफलता में स्कूल और परिवार, दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अभिभावकों द्वारा बच्चों की पढ़ाई में रुचि लेने और शिक्षकों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है। साथ ही, उनकी शैक्षणिक कमियों को समय रहते दूर करने में भी मदद मिलती है।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य बिक्रमजीत सिंह सहोता, गुरस्तवीर कौर, हरवीर सिंह, रोशा सिंह, कुलजिंदर कौर, तरुण मित्तल, वरिंदर सिंह सहित विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे।





