फतेहगढ़ साहिब, 12 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): अगले दो दिनों के दौरान बारिश के अलर्ट को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त डॉ. सोना थिंद ने किसानों से अपील की है कि वे गीले धान की कटाई करने से बचें और फसल पूरी तरह सूखने के बाद ही कटाई को प्राथमिकता दें, ताकि मंडियों में फसल की खरीद के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उपायुक्त ने कहा कि किसान केवल सूखा धान ही मंडियों में लेकर आएं, ताकि फसल की निर्बाध और सुचारू खरीद सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि मौसम में हो रहे बदलाव को ध्यान में रखते हुए किसान अपनी फसल की कटाई और मंडियों में लाने की पहले से योजना बनाएं, ताकि बेमौसमी बारिश के कारण फसल को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।
उपायुक्त ने कंबाइन मालिकों को भी सख्त निर्देश दिए कि वे गीले धान की कटाई बिल्कुल न करें और किसानों को फसल सूखने के बाद ही कटाई करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन निर्देशों का उल्लंघन करने वाले कंबाइन मालिकों के खिलाफ नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और मंडियों में सूखा धान लाकर फसल की सुचारू खरीद प्रक्रिया सुनिश्चित करने में सहयोग दें।






