कुरुक्षेत्र, 12 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के नेतृत्व में डीएलएसए के पैनल अधिवक्ताओं, पैरा लीगल स्वयंसेवकों, पुलिस अधिकारियों और समग्र शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कानूनी जागरूकता वाहन के माध्यम से डेरा पुरबिया, प्रतापगढ़ और अमरगढ़ माजरा पहुंचकर लोगों को विभिन्न कानूनी योजनाओं के बारे में जागरूक किया।
पैनल अधिवक्ताओं ने आम लोगों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की वर्ष 2015 की गरीबी उन्मूलन के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित योजना, तेजाब हमलों के पीड़ितों को कानूनी सेवाएं प्रदान करने संबंधी वर्ष 2016 की योजना तथा वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी सेवाएं उपलब्ध कराने से संबंधित वर्ष 2016 की योजना के बारे में जानकारी दी।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने बताया कि पुलिस अधिकारी ने नशीले पदार्थों की रोकथाम और जागरूकता से संबंधित राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही लोगों को नशा मुक्त भारत अभियान के प्रति जागरूक और संवेदनशील किया गया।
समग्र शिक्षा विभाग के अधिकारी ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की शिक्षा से संबंधित वर्ष 2026 की योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी और लोगों को इसके उद्देश्यों एवं लाभों से अवगत कराया।
इस दौरान आम लोगों को साइबर अपराध, डिजिटल गिरफ्तारी के नाम पर की जाने वाली धोखाधड़ी और साइबर सुरक्षा के बारे में भी जागरूक किया गया। ठगी गई राशि वापस प्राप्त करने में सहायता से संबंधित जानकारी देने के साथ-साथ पैरा लीगल स्वयंसेवक राजपाल ने जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण की ओर से प्रदान की जाने वाली मुफ्त कानूनी सहायता और सेवाओं के बारे में भी लोगों को बताया।
लोगों से अपील की गई कि वे जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जा रही मुफ्त कानूनी सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।






