Friday, October 16, 2026
HomeNationalदिल्ली मेट्रो यात्रियों के लिए जरूरी अपडेट: 18 अक्टूबर को सुबह 3:30...

दिल्ली मेट्रो यात्रियों के लिए जरूरी अपडेट: 18 अक्टूबर को सुबह 3:30 बजे से चलेंगी ट्रेनें, जानें चारों लाइनों का पूरा शेड्यूल

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर 2026 (छत्रपाल सिंह): राजधानी दिल्ली में रविवार, 18 अक्टूबर को आयोजित होने वाली वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की है। मैराथन में भाग लेने वाले धावकों और आयोजन में पहुंचने वाले लोगों को समय पर जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम पहुंचाने के लिए मेट्रो की चार प्रमुख लाइनों पर सेवाएं सामान्य समय से पहले शुरू की जाएंगी।
डीएमआरसी के अनुसार, रेड, येलो, ब्लू और वायलेट लाइन के टर्मिनल स्टेशनों से पहली ट्रेन सुबह 3:30 बजे रवाना होगी। यह व्यवस्था खास तौर पर उन यात्रियों के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें रविवार तड़के यात्रा करनी है। अन्य मेट्रो लाइनों पर सेवाएं सामान्य रविवार के समय के अनुसार चलेंगी।
इन चार लाइनों पर मिलेगी सुबह जल्दी मेट्रो:
  • रेड लाइन: रिठाला से शहीद स्थल (नया बस अड्डा), गाजियाबाद।
  • येलो लाइन: समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर, गुरुग्राम।
  • ब्लू लाइन: द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी और वैशाली की ओर।
  • वायलेट लाइन: कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह स्टेशन, बल्लभगढ़।
इन मार्गों से दिल्ली के साथ-साथ गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और बल्लभगढ़ की ओर से आने वाले यात्रियों को भी सुबह जल्दी सफर करने में सुविधा मिलेगी।
सुबह 3:30 से 6 बजे तक ऐसा रहेगा ट्रेन संचालन: डी.एम.आर.सी. की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, विशेष समय-सारणी के तहत ट्रेनों की आवृत्ति इस प्रकार रहेगी:
  • सुबह 3:30 से 4:15 बजे तक: लगभग हर 15 मिनट में ट्रेन।
  • सुबह 4:15 से 6 बजे तक: लगभग हर 20 मिनट में ट्रेन।
  • सुबह 6 बजे के बाद: सामान्य रविवार की समय-सारणी लागू होगी।
यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे घर से निकलने से पहले अपने शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के हिसाब से ट्रेन का समय जांच लें।
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगी हाफ मैराथन: वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन का आयोजन रविवार, 18 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा। इस आयोजन में बड़ी संख्या में धावकों के शामिल होने की उम्मीद है। सुबह जल्दी मेट्रो चलाने का उद्देश्य प्रतिभागियों की यात्रा को सुविधाजनक बनाना और आयोजन स्थल तक समय पर पहुंचने में मदद करना है।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह: रविवार को सुबह-सुबह यात्रा करने वाले लोग ध्यान रखें कि विशेष समय-सारणी केवल रेड, येलो, ब्लू और वायलेट लाइन पर लागू होगी। बाकी लाइनों पर मेट्रो सेवाएं सामान्य रविवार के कार्यक्रम के अनुसार चलेंगी। यात्रा की योजना बनाते समय डीएमआरसी के आधिकारिक अपडेट और संबंधित स्टेशन की जानकारी जरूर देख लें।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments