पटियाला, 17 अक्टूबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, पटियाला अमनदीप शर्मा ने किसानों से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने और पराली जलाने से परहेज करने की अपील करते हुए कहा कि सहकारी समितियों में उपलब्ध आधुनिक कृषि मशीनरी का अधिकतम उपयोग करके पराली का पर्यावरण अनुकूल तरीके से प्रबंधन किया जा सकता है।
अमनदीप शर्मा ने आज कल्याण कृषि सहकारी समिति का दौरा किया और समिति द्वारा खरीदे गए ट्रैक्टर एवं मल्चर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि मशीनरी उपलब्ध करवाने का मुख्य उद्देश्य फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करना तथा पराली जलाने की प्रथा को रोकने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, पटियाला के अधीन आने वाली विभिन्न सहकारी समितियों द्वारा ट्रैक्टर, मल्चर, सुपर सीडर और अन्य आधुनिक कृषि उपकरण खरीदे गए हैं। इन उपकरणों के उपयोग से किसान खेतों में ही पराली का उचित प्रबंधन कर सकते हैं और इसे जलाने से बच सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है तथा मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है। इसलिए किसानों को चाहिए कि वे पराली के प्रबंधन के लिए उपलब्ध आधुनिक कृषि मशीनरी का उपयोग करें और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें।
अमनदीप शर्मा ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य को ध्यान में रखते हुए पराली न जलाएं तथा फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करके प्रदूषण कम करने के प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने बताया कि सहकारी समितियों द्वारा खरीदी गई आधुनिक कृषि मशीनरी किसानों को किराये पर उपलब्ध करवाई जाती है, जबकि छोटे एवं सीमांत किसानों को यह मशीनरी निःशुल्क उपलब्ध करवाने की सुविधा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और पराली जलाने के बजाय आधुनिक कृषि उपकरणों की सहायता से इसका उचित प्रबंधन करें।







