बाल कल्याण, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की भलाई के लिए काम करने वाली संस्थाएं पंजाब एनजीओ डिजिटाइजेशन मिशन से जुड़ें
फतेहगढ़ साहिब, 17 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पंजाब सरकार के सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से चलाए जा रहे पंजाब एनजीओ डिजिटाइजेशन मिशन के तहत विद्यार्थियों को सामाजिक इंटर्नशिप और वॉलंटियरिंग से जोड़ने के लिए बाल कल्याण, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की भलाई के लिए काम करने वाली इच्छुक गैर-सरकारी संस्थाओं (एनजीओ) को 20 अक्टूबर, 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा।
यह जानकारी देते हुए उपायुक्त डॉ. सोना थिंद ने बताया कि पात्र संस्थाएं पंजीकरण के लिए वेबसाइट www.cityneeds.info पर जा सकती हैं। इसके अलावा, संस्थाएं सीधे ऑनलाइन पंजीकरण फॉर्म के माध्यम से भी अपना आवेदन जमा करवा सकती हैं। पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर संस्थाएं मोबाइल नंबर 82890-66979 पर संपर्क कर सकती हैं।
उपायुक्त ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें समाज कल्याण के कार्यों से जोड़ना है। इस मिशन के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल कल्याण, बुजुर्गों की देखभाल, महिला सशक्तिकरण और दिव्यांगजनों के कल्याण के क्षेत्र में काम करने वाली संस्थाओं के साथ जोड़कर सामाजिक इंटर्नशिप और वॉलंटियरिंग के अवसर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल मंच के माध्यम से समाज कल्याण के क्षेत्र में काम करने वाली संस्थाओं की जानकारी डिजिटल रूप में उपलब्ध करवाना, उनकी क्षमता बढ़ाना और उनके कार्यों को अधिक प्रभावशाली बनाने में सहयोग देना भी इस मिशन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
उपायुक्त डॉ. सोना थिंद ने समाज कल्याण के क्षेत्र में काम कर रही सभी पात्र गैर-सरकारी संस्थाओं से अपील की कि वे 20 अक्टूबर, 2026 तक अपना ऑनलाइन पंजीकरण अवश्य करवाएं और पंजाब एनजीओ डिजिटाइजेशन मिशन से जुड़ें।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक संस्थाओं की भागीदारी से विद्यार्थियों को सामाजिक इंटर्नशिप और वॉलंटियरिंग के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी और मजबूत बनाया जा सकेगा।