फतेहाबाद, 19 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): श्री दुर्गा नवमी के पावन अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय ‘उदय कमल’, फतेहाबाद में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कन्याओं का विधिवत पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा सभी जिलावासियों को दुर्गाष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप माना गया है। कन्या पूजन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि नारी शक्ति के प्रति आदर, सम्मान और श्रद्धा प्रकट करने का पवित्र माध्यम है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा शक्ति, साहस, करुणा और ममता की प्रतीक हैं। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए समाज में बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करने का संकल्प लेना चाहिए। प्रवीन जोड़ा ने कहा कि जिस समाज में बेटियों का सम्मान होता है, वही समाज प्रगति और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे कन्या पूजन के साथ-साथ बेटियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने दुर्गा नवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कन्या पूजन हमारी सनातन संस्कृति की महान परंपरा है, जो हमें नारी शक्ति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव सिखाती है। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की शान हैं। उन्होंने मां दुर्गा से सभी जिलावासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष जगदीश राय शर्मा, डा. रणजीत ओड, जगदीप सिंह मोंगा, बनवारी लाल गहलोत, सुभाष चंदोरा सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने कन्याओं का आशीर्वाद प्राप्त कर मां दुर्गा से समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।






