संगरूर, 23 अक्टूबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): एस.डी.एम. संगरूर श्री सतीश चंद्र ने घाबदां, बालियां और भिंडरां की अनाज मंडियों का दौरा करके धान की खरीद संबंधी प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने मंडियों में फसल की आवक और खरीद प्रक्रिया के बारे में जानकारी हासिल की तथा संबंधित अधिकारियों को किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर श्री सतीश चंद्र ने कहा कि धान की खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए खरीद एजेंसियों, मंडी बोर्ड और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय (तालमेल) होना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि मंडियों में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसडीएम ने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में सूखा धान ही लेकर आएं। उन्होंने कहा कि निर्धारित नमी मानदंडों के अनुसार फसल लाने से खरीद प्रक्रिया जल्द पूरी करने में मदद मिलती है और किसानों को मंडियों में अनावेश्यक इंतजार नहीं करना पड़ता।
उन्होंने कहा कि अधिक नमी वाला धान मंडी में लाने पर उसे सुखाने में अतिरिक्त समय लगता है, जिससे खरीद में देरी हो सकती है। इसलिए किसान फसल की कटाई, रखरखाव और मंडी में लाते समय नमी का विशेष ध्यान रखें और खरीद अमले (कर्मचारियों) के साथ सहयोग करें।
श्री सतीश चंद्र ने मंडियों में सफाई, पीने के पानी, रोशनी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि खरीदे गए धान की समय पर लिफ्टिंग (उठान) सुनिश्चित की जाए ताकि मंडियों में अन्य फसल लेकर आने वाले किसानों को जगह की समस्या न हो।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य धान के खरीद सीजन के दौरान किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है और इस कार्य को सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारी पूरी लगन और ईमानदारी से निभाएं।






