पवित्र धार्मिक स्थल हमें नई ऊर्जा और जनसेवा के लिए प्रेरणा देते हैं: राज्यपाल
फतेहगढ़ साहिब, 24 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया आज फतेहगढ़ साहिब स्थित ऐतिहासिक माता श्री चक्रेश्वरी देवी मंदिर में वार्षिक समारोह के अवसर पर नतमस्तक हुए और माता रानी के दर्शन किए।
राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि इस पवित्र स्थल पर दूसरी बार दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त होना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे पवित्र धार्मिक स्थल हमारे लिए पावर हाउस की तरह काम करते हैं, जहां से हमें आध्यात्मिक शक्ति और नई ऊर्जा मिलती है।

राज्यपाल कटारिया ने कहा कि यहां से नई ऊर्जा प्राप्त करने के बाद हम दोबारा अपने कार्यों में जुट जाते हैं और लोगों का प्यार व सहयोग भी प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर आने से व्यक्ति का जीवन परमात्मा के प्रति समर्पित होने के साथ-साथ जनसेवा की भावना से भी जुड़ा रहता है।
इस अवसर पर जिला पुलिस प्रमुख शुभम अग्रवाल, अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती अमरबीर कौर भुल्लर, एसडीएम करुण गुप्ता, एसपी जसप्रीत सिंह, डीएसपी कुलबीर सिंह, डीएसपी राजेश कुमार मल्होत्रा, प्रधान सुनील कुमार जैन, वरिष्ठ उपप्रधान पियूष जैन, उपप्रधान प्रदीप कुमार जैन, महासचिव नवल कुमार जैन, सचिव नवीन कुमार जैन, कैशियर अश्वनी कुमार जैन, सहायक कैशियर नवनीत जैन सहित अन्य पदाधिकारी और श्रद्धालु भी उपस्थित थे।






