पराली प्रबंधन के लिए कृषि विभाग ने खमाणों ब्लॉक के गांवों का किया दौरा
फतेहगढ़ साहिब, 26 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): जिले में धान की पराली का आधुनिक मशीनरी के उपयोग से उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने और खेतों में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से खेड़ा ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. जगदेव सिंह ने बताया कि इस दौरान खेतों में पराली प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों का जायजा लिया गया और किसानों से सीधे संपर्क कर उन्हें पराली के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य कृषि अधिकारी ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से जिले में पराली प्रबंधन के लिए लगभग 150 बेलर चलाए जा रहे हैं। विभिन्न गांवों में पराली की गांठें बनाने (बेलिंग) का काम जोर-शोर से जारी है। किसान और मशीनरी ऑपरेटर रोजाना बड़ी मात्रा में धान की पराली एकत्र करके उसकी गांठें बना रहे हैं। इससे पराली को खेतों में जलाने के बजाय उसका उचित प्रबंधन और उपयोग करने को बढ़ावा मिल रहा है।
डॉ. जगदेव सिंह ने किसानों से अपील की कि वे धान की पराली को आग लगाने से पूरी तरह परहेज करें और कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही तकनीकी जानकारी तथा मशीनरी सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए पराली प्रबंधन हेतु इन-सीटू और एक्स-सीटू तकनीकों से संबंधित मशीनरी के उचित प्रबंध किए गए हैं। इन-सीटू तकनीक के माध्यम से पराली को खेत में ही मिट्टी में मिलाकर या अन्य उपयुक्त तरीकों से उसका प्रबंधन किया जा सकता है, जबकि एक्स-सीटू तकनीक के तहत पराली की गांठें बनाकर उसे खेत से बाहर निकाला जाता है।
इस अवसर पर उनके साथ डॉ. दमन झांजी, कृषि अधिकारी (इन्फोर्समेंट) भी उपस्थित थे।






