संगरूर, 29 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक (प.क.) चंडीगढ़ के निर्देशानुसार, रक्षा पेंशन से संबन्धित स्पर्श पेंशनर/ फ़ैमिली पेंशनर की वार्षिक पहचान सुनिश्चित करने तथा उनकी शिकायतों की पहचान एवं निवारण के उद्देश्य से, स्पर्श सेवा केंद्र, संगरूर सैन्य छावनी में राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (DLC) अभियान 5.0 का आयोजन दिनांक 01 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। यह अभियान पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
इस संबंध में स्पर्श सेवा केंद्र, संगरूर के प्रभारी अधिकारी श्री आशीष खंडेलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के माध्यम से रक्षा पेंशनभोगियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों को अपनी पेंशन संबंधी शिकायतों का निवारण करवाने तथा वार्षिक पहचान प्रक्रिया को सुविधाजनक ढंग से पूरा करने का अवसर मिलेगा।
इस अभियान में भाग लेने के इच्छुक डिफेंस पेंशनभोगी आवश्यक दस्तावेजों जैसे पेंशन बुक, डिस्चार्ज बुक, पहचान पत्र, बैंक पासबुक, पेंशन भुगतान आदेश (PPO), आधार कार्ड तथा शिकायत से संबंधित अन्य दस्तावेज एवं अपना मोबाइल फोन, जिससे आधार एवं स्पर्श लिंक है को लेकर स्पर्श सेवा केंद्र, संगरूर कैंट में उपस्थित होकर अपनी वार्षिक पहचान करवा सकते है ।
सभी पात्र पेंशनभोगियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों से अपील की जाती है कि वे इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें तथा इस पहल का लाभ उठाकर अपनी वार्षिक पहचान प्रक्रिया समय पर पूर्ण करवाएँ और पेंशन संबंधी शिकायतों का शीघ्र निवारण सुनिश्चित करें।






